दुनिया की सबसे बड़ी म्यूज़िक स्ट्रीमिंग कंपनी Spotify ने हाल ही में एक बड़ा बदलाव किया है। दरअसल कंपनी ने अब अपने प्लेटफॉर्म में इन-ऐप मैसेजिंग सर्विस जोड़ दी है। उनका कहना है, यूज़र्स चाहते थे कि Spotify ऐप के अंदर ही एक ऐसी जगह हो जहाँ वे अपने पसंदीदा गाने, पॉडकास्ट और ऑडियोबुक्स दोस्तों व परिवार के साथ आसानी से शेयर कर सकें और साथ ही उनकी रिकमेंडेशन को ट्रैक भी कर सकें।
इसी ज़रूरत को देखते हुए Spotify ने नया फीचर ‘Messages’ पेश किया है, जो इस हफ़्ते से चुनिंदा मार्केट्स में रोलआउट होना शुरू होगा।
Messages कैसे करेगा काम?
Spotify का नया Messages फीचर फिलहाल सिर्फ़ मोबाइल डिवाइसेज़ के लिए उपलब्ध होगा। यानी अभी आप डेस्कटॉप या वेब वर्ज़न से इस सर्विस का इस्तेमाल नहीं कर पाएँगे।
यह फीचर अभी केवल वन-ऑन-वन चैट तक सीमित है। WhatsApp, Telegram या Messenger की तरह इसमें ग्रुप चैटिंग का ऑप्शन नहीं दिया गया है।

कंटेंट शेयरिंग की प्रक्रिया काफ़ी साधारण और आसान है। किसी गाने, पॉडकास्ट या ऑडियोबुक को शेयर करने के लिए आपको बस शेयर आइकन पर टैप करके फ्रेंड सेलेक्ट करना होगा और मैसेज भेजना होगा।
अगर आप किसी ऐसे यूज़र को मैसेज भेजना चाहते हैं जिससे पहले Spotify पर इंटरैक्शन नहीं हुआ है, तो आपको पहले उन्हें एक Message Request भेजनी होगी। उनके रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद ही आप आगे बातचीत कर पाएँगे।
किनसे चैट कर पाएँगे?
Spotify पर चैटिंग की सुविधा उन्हीं लोगों के साथ मिलेगी जिनसे आपका पहले से किसी न किसी रूप में Spotify कनेक्शन रहा है। इसमें वे लोग शामिल हैं जिनके साथ आपने पहले गाने, पॉडकास्ट या ऑडियोबुक शेयर की हो।
इसके अलावा, अगर आपने किसी के साथ Jams, Blends या Collaborative Playlists बनाई हैं तो वे भी आपके चैट लिस्ट में शामिल हो जाएँगे।
बताते चलें कि Spotify का यह फीचर आपके फ़ैमिली और डुओ प्लान वाले सदस्यों के लिए भी सक्रिय रहेगा। साथ ही, ऐप आपके प्रोफाइल में एक Suggested People लिस्ट दिखाएगा। यह लिस्ट इस आधार पर बनेगी कि आपने किन-किन के साथ पहले Spotify एक्टिविटी की है।

फीचर्स क्या होंगे?
Spotify Messages में आपको बेसिक चैटिंग टूल्स दिए जाएँगे। इसमें सबसे पहले तो Emoji Reactions का ऑप्शन होगा, जिससे आप किसी गाने या पॉडकास्ट पर तुरंत रिएक्शन दे पाएँगे। बातचीत सिर्फ़ कंटेंट शेयरिंग तक सीमित न रहे, इसलिए आपके पास Text Messages भी भेजने की सुविधा होगी।
सबसे अहम बात यह है कि यह फीचर आपको Spotify कंटेंट को बिना रुकावट शेयर करने की सुविधा देता है। मतलब आप एक ही प्लेटफ़ॉर्म पर सुन भी सकते हैं और बातचीत भी जारी रख सकते हैं।
अगर आपको यह फीचर पसंद नहीं आता, तो Spotify ने यूज़र्स को पूरी आज़ादी दी है कि वे Settings से इसे ऑप्ट- आउट कर सकते हैं और पहले की तरह कंटेंट को WhatsApp, Telegram या अन्य प्लेटफ़ॉर्म्स पर शेयर करना जारी रख सकते हैं।
प्राइवेसी और सिक्योरिटी
Spotify का दावा है कि Messages को industry-standard encryption से सुरक्षित किया गया है, चाहे डेटा स्टोर हो या ट्रांसफर हो रहा हो। लेकिन कंपनी अपने AI बेस्ड proactive detection tools से मैसेज स्कैन करेगी और किसी भी illegal या harmful कंटेंट की पहचान होने पर उसे मॉडरेटर्स देखेंगे।
Spotify का नया फीचर उन यूज़र्स के लिए है जो ऐप से बाहर जाए बिना ही अपने दोस्तों और परिवार के साथ कंटेंट शेयर करना और उस पर बातचीत करना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें : OnePlus Pad 3 का इंडिया लॉन्च डेट कन्फर्म, जानें पूरी डिटेल











